18 जुलाई 2019 - 14:06
ईरानी सेना ने एक तस्कर आयल टैंकर धर दबोचा

आईआरजीसी की नौसेना ने फ़ार्स की खाड़ी में लार्क द्वीप के दक्षिण में दस लाख लीटर ईंधन ले जा रहे एक समुद्री जहाज़ को धर दबोचा है।

आईआरजीसी की नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में कहा कि फ़ार्स की खाड़ी और हुर्मुज़ स्ट्रेट में व्यवस्थित तस्करी का पता लगाने के उद्देश्य से आने जाने वाली नौकाओं और जहाज़ों पर नज़र रखने के लिए सेनाएं निरंतर गश्त कर रही थीं कि एक विदेशी समुद्री जहाज़ पर तस्करी के ईंधन के लदे होने की पुष्ट जानकारी के बाद जहाज़ को लार्क द्वीप में रोक लिया गया। 

आईआरजीसी ने बताया कि इस समुद्री जहाज़ में दस लाख लीटर ईंधन लदा हुआ है। समुद्री जहाज़ को रोकने के बाद जांच की गयी तो तस्करी का तेल बरामद हो गया। 

आईआरजीसी के बयान में आया है कि इस आयल टैंकर में बीस लाख लीटर ईंधन लादा जा सकता है। इस पर 12 विदेशी कर्मी सवार थे जो ईरानी नौकाओं से हासिल होने वाले तस्करी के ईंधन को थोड़ा दूर मौजूद विदेशी जहाज़ों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे किन्तु सेना की समय पर कार्यवाही से सारे तस्कर पकड़े गये। 

ज्ञात रहे कि इससे पहले पश्चिमी मीडिया ने एक अन्य आयल टैंकर को सेना द्वारा रोके जाने की ख़बर दी थी जिसका ईरान ने खंडन किया था।